नई दिल्ली: महात्मा गांधी की आज 77वीं पुण्यतिथि है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पीएम नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसमें शामिल हुईं. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राजघाट पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राजघाट पर पहुंचकर बापू को नमन किया. विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई राजनीतिक नेताओं ने गुरुवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर राष्ट्र के लिए उनके योगदान तथा सत्य और अहिंसा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को याद किया. महात्मा गांधी की हत्या 30 जनवरी, 1948 को हुई थी.

इस दिन को अब शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है. इसे ‘शहीद दिवस’ या ‘सर्वोदय दिवस’ के रूप में भी जाना जाता है ताकि भारत के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वालों को सम्मानित किया जा सके. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘पूज्य बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि. उनके आदर्श हमें एक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं. मैं हमारे देश के लिए शहीद हुए सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनकी सेवा और बलिदान को याद करता हूं.’


शाह ने एक्स पर लिखा, ‘मैं कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने सत्य, अहिंसा और अन्याय के खिलाफ लड़ाई के भारतीय मूल्यों को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाया.’ उन्होंने कहा, ‘महात्मा गांधी ने देश को एकता के सूत्र में बांधकर स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूत किया. स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण के प्रति उनके विचार देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे.’

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी महात्मा गांधी की शिक्षाओं को याद करते हुए पोस्ट किया, ‘सत्य, अहिंसा और सद्भाव के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर सादर श्रद्धांजलि! उन्होंने ब्रिटिश उपनिवेशवाद के खिलाफ लोगों को प्रेरित कर स्वतंत्रता संग्राम की नींव मजबूत की. महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को मानवता और नैतिकता की शिक्षा दी.’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ‘स्वतंत्रता आंदोलन के महान नेता, ‘राष्ट्रपिता’ महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि.
