पटना: बिहार में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2025 का आयोजन 1 फरवरी से 15 फरवरी के बीच होने जा रहा है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया है कि इस बार इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर 1677 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.

परीक्षा में कितने छात्र होंगे शामिल
इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार कल 1292313 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं. जिसमें छात्राओं की संख्या 641847 है, जबकि छात्रों की संख्या 650466 है. आनंद किशोर ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले प्रवेश करना अनिवार्य है.

5 फरवरी तक जूता मोजा पहने की अनुमति
आनंद किशोर ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए 1 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा में 5 फरवरी तक इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी के लिए परीक्षा केंद्र में जूता मोजा के साथ प्रवेश की अनुमति दी गई है. मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे इस पर विचार किया जाएगा कि क्या जूता मोज पहनकर परीक्षा केंद्र जाने के लिए अनुमति दी जाएगी या नहीं.

परीक्षार्थियों की होगी फ्रिस्किंग
आनंद किशोर ने स्पष्ट कहा है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले पूरी फ्रिस्किंग की जाएगी. अगर कोई परीक्षार्थी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य कोई अवांछित सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र पर जाते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी. पूरे परीक्षा की वीडियो रिकॉर्डिंग किया जाएगा.

इस समय पर पहुंचना होगा अनिवार्य
बीएसईबी के अध्यक्ष आनंद किशोर का कहना है कि सुबह 9:30 बजे से शुरू हो रही प्रथम पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को 9:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है. जबकि दूसरी पाली में 2:00 से शुरू हो रही परीक्षा के लिए दिन के 1:30 तक परीक्षा हॉल में प्रवेश कर जाना अनिवार्य है.

