पटना: दिल्ली चुनाव के बाद अब देश की नजर बिहार विधानसभा चुनाव पर है. इसको लेकर तमाम सियासी दलों की ओर से यात्रा और सम्मेलन का दौर शुरू हो चुका है. वहीं एनडीए ने विधानसभा चुनाव को लेकर एक्शन प्लान भी तैयार कर लिया है. चुनाव को देखते हुए एक तरफ जहां एनडीए का संयुक्त अभियान चल रहा है, वहीं अब एनडीए के तमाम मंत्री जनता के बीच जाएंगे और सरकार की उपलब्धियां से अवगत कराएंगे.

मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे मंत्री
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन कोटे के सभी मंत्री जनता के बीच जाएंगे और नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे. मंत्री प्रदेश की जनता को यह बताने की कोशिश करेंगे कि केंद्र सरकार ने बिहार के लिए अबतक क्या-क्या किया है. हालिया आम बजट से लेकर पिछले 11 सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताएंगे.

केंद्रीय मंत्री के साथ राज्य के मंत्री भी रहेंगे मौजूद
बिहार एनडीए के तमाम मंत्री को जहां इस योजना के तहत मैदान में उतर जा रहा है, वहीं केंद्रीय मंत्री भी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं. तमाम मंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएंगे. यह भी बताया जाएगा कि किस योजना में केंद्र ने कितनी मदद की है. सभी 38 जिलों में कार्यक्रम तय किया जा रहा है.

कब से शुरू होगा कार्यक्रम?
बीजेपी प्रवक्ता मनोज शर्मा ने बताया कि 18 फरवरी से एनडीए का संयुक्त अभियान शुरू होने जा रहा है. तमाम केंद्रीय मंत्री और बिहार सरकार के मंत्री सभी 38 जिलों में जाएंगे और मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में आम लोगों को बताएंगे. उन्होंने कहा कि इसके अलावे जिलों में जाकर मंत्री एनडीए के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे.

