पटना: दिल्ली में आज बीजेपी की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का शपथ ग्रहण समारोह है लेकिन बिहार के सीएम नीतीश कुमार उसमें शामिल नहीं होंगे. वह प्रगति यात्रा के तहत आज अपने गृह क्षेत्र नालंदा जाएंगे. जहां वह जिले वासियों को 820 करोड़ की लागत से चल रही 250 से अधिक योजनाओं की सौगात देंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं. प्रशासन की ओर से सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है.

नालंदा को बड़ी सौगात देंगे साीएम
मुख्यमंत्री आज 820 करोड़ रुपये की 250 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री का यह दौरा खासतौर पर नानंद गांव और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. जहां वे तालाब, फिटनेस पार्क, जिम, सामुदायिक भवन और पुस्तकालय सहित करोड़ों की योजनाओं का शुभारंभ करेंगे.

क्या बोले राजगीर विधायक?
जेडीयू विधायक कौशल किशोर ने बताया कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजगीर विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इन योजनाओं के शुरू होने से ग्रामीणों को कई लाभ मिलेंगे. इसके अलावा सीएम मोहनपुर स्थित मत्स्य हैचरी का भी दौरा करेंगे, जहां वे मछली बीज उत्पादन का निरीक्षण करेंगे. साथ ही ये जानने की भी कोशिश करेंगे किस तरह मछली पालन के माध्यम से लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इसके लिए वे मत्स्य पालन से जुड़े किसानों और अधिकारियों से बातचीत भी कर सकते हैं.

रोजगार पर सीएम का फोकस
मुख्यमंत्री के इस दौरे में मुख्य फोकस स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने और ग्रामीण विकास को गति देने पर होगा. बिहार सरकार मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य हैचरी जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ा रही है, ताकि किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके. सीएम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसमें वह योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करेंगे.

