‘कैंसिल..कैंसिल..कैंसिल’, ड्रेस पसंद नहीं आने पर दुल्हन ने शादी से किया इनकार

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक ड्रेस के कारण लड़की ने शादी से इंकार कर दिया. दरअसल, यह मामला जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है. 8 माह पहले लड़की की शादी देवरिया थाना क्षेत्र के एक गांव के लड़के से तय हुई थी.

धूमधाम से आयी बारात: आखिर में वह दिन आ ही गया जिसका सबलोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. सोमवार 24 फरवरी की रात धूमधाम से बारात आयी. बारात के स्वागत के बाद दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर पहुंचे फिर जयमाला हुआ.

मंडप पर पहुंचते ही शादी कैंसिल: जयमाला के बाद बाराती को खाना खिलाया गया और दूल्हा-दुल्हन को शादी के मंडप पर ले जाया गया. मंडप पर पहुंचने के बाद शादी शुरू ही होने वाली थी कि दुल्हन ने शादी कैंसिल कर दी. उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया.

मंडप से उठकर चली गयी दुल्हन: दरअसल, दूल्हा पक्ष से जो कपड़े दुल्हन के लिए लाए गए थे वह पसंद नहीं आया. दुल्हन ने वह कपड़ा लेने से साफ इंकार कर दी और शादी कैंसिल कर दी. कुछ देर के लिए तो किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था. दुल्हन मंडप से उठकर अपने कमरे में चली गयी.

बारातियों को बंधक बनाया: इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा सहित आधा दर्जन बारातियों को बंधक बना लिया. किसी ने इसकी सूचना डायल 112 को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को थाने ले गई और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया लेकिन दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई.

बारात वापस ले गए दूल्हा पक्ष: बताया जा रहा है कि लड़की वालों ने लड़का पक्ष से 40 हजार रुपये लेकर दूल्हा और बारातियों को छोड़ा. हालांकि रुपये लेने की पुष्टि पुलिस नहीं कर रही. दूल्हा पक्ष बारात लेकर वापस चले गए और मंडप खाली रह गया. मुजफ्फरपुर में शादी टूटने की चर्चा खूब हो रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.