नालंदा: बिहार के नालंदा में बड़ा रेल हादसा टल गया है. बख्तियारपुर-राजगीर रेल खंड पर देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया.


बिहारशरीफ रेलवे जंक्शन और पावापुरी स्टेशन हॉल्ट के पास लंगड़ी बिगहा गांव के पास अवैध रूप से बनी क्रॉसिंग को पार करने के दौरान एक बोलेरो वाहन रेलवे ट्रैक पर फंस गई, जिसके तुरंत बाद दानापुर से राजगीर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंच गई.

बोलेरो में सवार सभी यात्रियों ने किसी तरह से कूदकर अपनी जान बचाई लेकिन वाहन ट्रेन की चपेट में आ गया और कुछ दूर तक खिंचने के बाद ट्रैक पर फंस गया. इस घटना के कारण रेल यातायात पूरी तरह से बाधित हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया. रेलवे अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. हालांकि, बोलेरो में सवार सभी लोग घटनास्थल से फरार हो गए.

बिहार शरीफ जंक्शन के प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया कि अवैध रूप से ट्रैक पार करने के दौरान इंजन में बोलेरो फंस गई है. मौके पर आलाधिकारी पहुंच गए हैं.

जीआरपी और आरपीएफ वाले भी घटनास्थल पर मौजूद हैं. वाराणसी को जाने वाली बुद्ध पूर्णिमा ट्रेन और मालगाड़ी प्रभावित हो रही है.