पटना : जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ रही है. दरअसल, इन दिनों बिहार एनडीए में मुख्यमंत्री के चेहरे पर काफी बयान बाजी हो रही है. 2025 में एनडीए की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा? इसको लेकर अलग-अलग नेता अलग-अलग बयान बाजी कर रहे हैं.

नीतीश के नाम पर कभी हां, कभी नां : बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस बात में और हवा दे दी जब उन्होंने यह कहा ”2025 विधानसभा का चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा”. लेकिन, अगले ही पल उन्होंने यह कहा कि ”चुनाव के बाद यह तय किया जाएगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा?”

जब उनसे पूछा गया कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा तो, उन्होंने साफ कहा कि ”यह भारतीय जनता पार्टी की पार्लियामेंट्री वोट तय करेगी कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा?”

पांचों दल तय करेंगे सीएम : इस बयान के बाद बिहार की राजनीति और तेज हो गई. एनडीए के घटक दलों में कानाफूसी शुरू हो गई.

तभी बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री प्रेम कुमार ने इस बात को और साफ किया कि 2025 का चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाएगा और चुनाव के बाद कौन मुख्यमंत्री होगा.

नीतीश कुमार पर संस्पेंस : प्रेम कुमार ने बताया कि यह परंपरा रही है कि चुनाव होने के बाद विधायक दल की बैठक होती है. पांच दलों के लोग इस चुनाव में भाग ले रहे हैं. सभी के परामर्श के बाद जो निर्णय होगा वह माना जाएगा.
