पटना: आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 75वां जन्मदिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर तमाम पक्ष और विपक्ष के नेता भी उनको शुभकामनाएं दे रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी उनको जन्मदिन की मुबारकबाद दी है लेकिन सीएम पर निशाना साधना नहीं छोड़ा.

उन्होंने एनडीए की 20 साल पुरानी सरकार की तुलना 15 साल पुरानी खटारा गाड़ी से कर दी. साथ ही जनता से अपील करते हुए कहा कि इस खटारा सरकार को बदल दीजिए.

खटारा सरकार क्यों चलेगी?’: तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बिहार की एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जब 15 साल पुरानी गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं तो फिर 20 साल पुरानी खटारा सरकार क्यों चलेगी?

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 20 साल में नीतीश सरकार ने हर गोली, हर टोला और हर गांव में गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन रूपी भयंकर प्रदूषण फैला दिया है.

बिहार पर बोझ है नीतीश सरकार’: पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और बीजेपी की सरकार ने 20 सालों में दो पीढ़ियों की जिंदगी को बर्बाद कर दिया है. उन्होंने दावा किया है कि अब यह सरकार बिहारवासियों पर बोझ बन चुकी है, लिहाजा इस बदलना बहुत जरूरी है.

नया बिहार बनाना है’: तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के युवाओं ने ठान लिया है कि अब 20 साल पुरानी खटारा, जर्जर, बीमार और थकी हुई अविश्वसनीय नीतीश-एनडीए सरकार को हटाकर एक नई सोच, नए विजन वाली नौकरी-रोजगार और विकास कार्यों को समर्पित विश्वसनीय जुनूनी सरकार को लाना और नया बिहार बनाना है.
