पटना: आज उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी आज बिहार विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य का आम बजट पेश करेंगे. विधानसभा चुनाव को देखते हुए नीतीश सरकार आम लोगों को बड़ी राहत दे सकती है. युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं.

सम्राट चौधरी पेश करेंगे बजट: आज बिहार विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन है. 11 बजे प्रश्नकाल से सदन की कार्यवाही शुरू होगी. भोजन अवकाश के बाद उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट सदन में पेश करेंगे और फिर उसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी. दूसरे हाफ में बजट पेश होगा.

किन सेक्टर पर होगा सरकार का फोकस?: विशेषज्ञों के मुताबिक चुनावी साल में नौकरी रोजगार और प्रगति यात्रा में की गई 50000 करोड़ की घोषणा के साथ 96 लाख गरीब परिवारों को 200000 रुपये देने और बिजली सब्सिडी पर बड़ी राशि देने के साथ अन्य लोक- लुभावने वादे को पूरा करने के लिए नीतीश सरकार पिछली बार से 20 फीसदी से अधिक की वृद्धि बजट में कर सकती है. ऐसे में यह 3.25 लाख करोड़ से 3.40 लाख करोड़ के आसपास पहुंच सकता है.

20% अधिक बढ़ सकता है बजट का आकार: 2024-25 में नीतीश सरकार का बजट 278000 करोड़ था. ऐसे में इस बार बिहार के बजट में 40 से 50 हजार करोड़ का इजाफा हो सकता है.

एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट के प्रोफेसर विद्यार्थी विकास का कहना है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सरकार की प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, रोड, कृषि, बिजली और रोजगार जैसे क्षेत्र पर होगी.

नौकरी रोजगार पर भी फोकस: शिक्षक बहाली के चौथे चरण के तहत 80 हजार से अधिक शिक्षकों की अभी नियुक्ति होनी है. इसके अलावे 2 लाख से अधिक और नौकरी इसी साल नीतीश सरकार देने वाली है. सरकार 10 लाख लोगों को रोजगार भी आने वाले समय में देगी.

वहीं, महिला सशक्तिकरण पर भी जोर है. सात निश्चय योजना के तहत हर खेत तक पानी, पेयजल और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी होने हैं, जिस पर सरकार का फोकस होगा.