बिहार के भागलपुर में गोलीबारी हुई है. इस घटना में एक युवक की मौत हो गई. मरने वाले की पहचान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे के रूप में हुई है. इस घटना में उनकी बहन समेत दो लोगों को गोली लगी है. घायलों को भागलपुर के एक प्राइवेट क्लीनिक में भर्ती कराया गया है.

मंत्री के दो भांजों में चली गोली: घटना भागलपुर जिले के नवगछिया के जगतपुर की है. जहां केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजे जयजीत यादव और विकल यादव ने मामूली विवाद में एक-दूसरे को गोली मार दी.

गोली लगने से विकल की मौत हो गई, जबकि जयजीत की हालत नाजुक बनी हुई है. सूचना यह भी मिल रही है कि नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लगी है. घायलों को डॉक्टर एनके यादव के क्लीनिक में भर्ती कराया गया है.

पानी को लेकर भिड़े दो भांजे: बताया जाता है कि पानी को लेकर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दोनों भांजे विकल और जयजीत के बीच झगड़ा हो गया था. इसी के बाद विकल ने घर से पिस्तौल लाकर जयजीत पर गोली चला दी. जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा लेकिन किसी तरह उठकर विकल से भिड़ गया. दोनों के बीच गुत्थम-गुत्थी के बाद जयजीत ने पिस्टल छीनकर विकल को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई.

तफ्तीश में जुटी पुलिस: वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद रेंज आईजी विवेक कुमार और नवगछिया एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. एसएसएल की टीम को भी बुलाया जा रहा है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
