103 साल का हुआ बिहार, CM नीतीश और PM मोदी ने दी शुभकामनाएं, कहा- प्रदेश के विकास के लिए नहीं छोड़ेंगे कोर-कसर

बिहार आज 103 साल का हो गया है। बिहार दिवस को लेकर सीएम नीतीश और पीएम मोदी सहित तमाम नेताओं ने शुभकामनाएं दी है। पटना के गांधी मैदान में बिहार दिवस को लेकर भव्य आयोजन भी किया जाना है। पीएम मोदी ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए हम कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। सीएम नीतीश ने कहा कि हम सभी मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

पीएम ने दी शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार के अपने सभी भाई-बहनों को बिहार दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह प्रदेश आज अपनी विकास यात्रा के जिस महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, उसमें यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली बिहारवासियों की अहम भागीदारी है। हमारी संस्कृति और परंपरा के केंद्र-बिंदु रहे अपने इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे”।

सीएम नीतीश ने दी बधाई

सीएम नीतीश ने कहा कि, “बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे”।

जेपी नड्डा क्या बोले?

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि, “समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अतुल्य परंपरा, शौर्य एवं ज्ञान की भूमि बिहार के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएँ देता हूँ। भगवान बुद्ध और महावीर की तपोस्थली बिहार ने अपने ज्ञान, दर्शन और अध्यात्म के प्रकाश से सदैव सम्पूर्ण विश्व को आलोकित किया है” ।

अमित शाह ने दी शुभकामनाएं

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, “सभी बिहारवासियों को ‘बिहार दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएँ। ज्ञान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की भूमि बिहार ने हमेशा देश को नेतृत्व और नई ऊर्जा प्रदान की है। इतिहास के गौरवशाली अध्यायों से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक, बिहार ने हर क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में NDA सरकार बिहार को प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेशवासियों की सुख, शांति और उन्नति की कामना करता हूँ।”

सम्राट चौधरी ने दी बिहार दिवस की शुभकामनाएं

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “ज्ञान, अध्यात्म, संस्कृति, सभ्यता, संस्कार और समृद्ध परंपराओं की भूमि बिहार के 113वें स्थापना दिवस पर सभी बिहार वासियों को अनंत शुभकामनाएं। भगवान बुद्ध और महावीर की तपोस्थली, बिहार ने अपने ज्ञान, दर्शन और अध्यात्म के प्रकाश से पूरे विश्व को आलोकित किया है। बिहार, निरंतर प्रगति और समृद्धि के पथ पर बढ़ता रहे यही कामना है। ज्ञान और संस्कृति का है आधार, ऐसा है हमारा बिहार“!

विजय सिन्हा की खास अपील

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि, “ज्ञान, प्रतिभा, ऐतिहासिक गौरव, विद्वता, साधना, अहिंसा, संस्कृति, शौर्य, पराक्रम, प्रेम की पुण्यधरा और लोकतंत्र की जननी- बिहार के स्थापना दिवस पर समस्त बिहारवासियों को हार्दिक बधाई व अशेष शुभकामनाएं। इतिहास गवाह है कि बिहार ने न केवल सदैव राष्ट्र को नई दिशा व दृष्टि प्रदान की है बल्कि अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बदौलत भारत के निर्माण में भी अपनी अहम भूमिका निभाई है। आज बिहार यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के मार्गदर्शन में तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। आईये इस अवसर पर हमसभी बिहार के चतुर्दिक विकास के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु दृढ़ संकल्पित हों”।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading