दीपक कुमार, गायघाट। मुजफ्फरपुर जिले में क्राइम कंट्रोल को लेकर एसएसपी सुशील कुमार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए आधा दर्जन थानेदारों समेत एक दर्जन पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत कई थाना क्षेत्रों में नए थाना अध्यक्षों की तैनाती की गई है और उन्हें 24 घंटे के भीतर पदभार ग्रहण करने का निर्देश भी दिया गया है।

साकेत सार्दुल को बेनीबाद की कमान
काजी मोहम्मदपुर थाने में अपार थानेदार के पद पर कार्यरत साकेत कुमार सार्दुल को अब बेनीबाद थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। निवर्तमान थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार का कार्यकाल बेनीबाद में सराहनीय और यादगार रहा है। उनके द्वारा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, जनता से संवाद और कानून व्यवस्था को लेकर किए गए प्रयासों की आमजन सराहना करते रहे हैं।

मिठनपुरा में बदलते समीकरण
मिठनपुरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बाद वहां के थानाध्यक्ष राम इकबाल प्रसाद को हटाकर डीआईयू में कार्यरत जन्मेजय राय को नया थाना अध्यक्ष बनाया गया है। क्षेत्र में हाल ही में हुए मो. जावेद और राजू साह की डबल मर्डर की वारदात, शराब माफियाओं की सक्रियता और प्लाईवुड कारोबारी विरेश पोद्दार पर गोलीबारी जैसी घटनाएं इस तबादले की प्रमुख वजह बताई जा रही हैं।

अन्य तबादले
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया को हटाकर उन्हें सरैया थाना की जिम्मेदारी दी गई है। नगर थाना के दरोगा विक्की कुमार को हथौड़ी थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, हथौड़ी थानाध्यक्ष मोहम्मद आलम को पुलिस लाइन में पदस्थापित किया गया है।
एसएसपी सुशील कुमार ने स्पष्ट किया है कि यह कदम जिले में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण पाने और थानों की कार्यक्षमता को बेहतर करने के उद्देश्य से उठाया गया है। नए थानेदारों से क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई जा रही है।

