मुजफ्फरपुर में पैक्स अध्यक्ष के पुत्र की हत्या का खुलासा: तीन शूटर गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता अब भी फरार

मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष के पुत्र रामनवमी चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि हत्या की साजिश रचने वाला मुख्य मास्टरमाइंड अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना में घायल रामनवमी चौधरी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि उनके साथी गुड्डू सिंह अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इस मामले की जांच के लिए सिटी डीएसपी टाउन-2 बिनीता सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने तत्परता से कार्रवाई करते हुए अपराधियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार शूटरों की पहचान सरैया थाना क्षेत्र के राजेश कुमार, प्रकाश कुमार और पारू थाना क्षेत्र के मनोज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार और एक रेड रंग की अपाचे बाइक भी बरामद की है, जिसका उपयोग वारदात के समय किया गया था।

सिटी एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि हत्या के पीछे जमीन विवाद की वजह सामने आई है। मृतक रामनवमी चौधरी के नाम पर पताही स्थित एलपी शाही कॉलेज के पास एक जमीन है, जिसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि इसी विवाद के चलते इस हत्याकांड की साजिश रची गई।

पुलिस का कहना है कि मुख्य साजिशकर्ता की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस साजिश में शामिल सभी लोगों को बेनकाब किया जा सके।

यह घटना इलाके में दहशत और आक्रोश का कारण बनी हुई है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आमजन में थोड़ी राहत की भावना भी देखी जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading