M
MUZAFFARPUR : समीर हत्याकांड में पुलिस जांच से असंतुष्ट परिजन कलेक्ट्रेट परिसर में सीबीआई जांच की मांग को लेकर एकदिवसीय उपवास पर बैठे। पूर्व महापौर समीर कुमार की हत्या का उद्भेदन मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा किया गया था लेकिन परिजनों ने आरोप लगाया है कि अभी कई सफेदपोशों का बेनकाब होना बाकि है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही समीर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। अपितु पूर्व मेयर समीर कुमार की अर्धांगनी वर्षा रानी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। वर्षा रानी का कहना है पुलिस समीर कुमार के हत्यारे को बचाने की कोशिश कर रही है। समीर कुमार चुनाव लड़ना चाहते थे। शुरू से ही राजनीति ने उनकी रुचि रही है।

वर्षा रानी ने बताया कि हत्या की वजह कल्याणी जमीन महज मनगढ़ंत कहानी है। मुख्य साजिशकर्ताओं को बचाने के लिए अनुसंधान की दिशा ही बदल दी गई है। वर्षा रानी ने कहा कि गोबिंद और ओमकार से कभी समीर कुमार की कोई बात नहीं हुई थी। पुलिस पिंटू का भी कॉल डिटेल निकाले। वही तीनों के कॉल डिटेल को सार्वजनिक किया जाए। इससे सच्चाई सामने आ जाएगी। वर्षा रानी ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि अनुसंधान में लगी पुलिस टीम साजिसकर्ताओं के प्रभाव में आकर अनुसंधान की दिशा बदल दी है।

परिजन का कहना है कि पुलिस जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है इसीलिए वह इस हत्याकांड की सीबीआई जांच मांग कर रहे हैं। दिवंगत समीर कुमार की पत्नी वर्षा रानी ने कहा की अब तक हम सब प्रशासन पर भरोसा करते हुए पुलिस की जांच में सहयोग कर रहे थे पर अब हम सीबीआई जांच की मांग कर रहे है, जिससे इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच हो सके. उन्होंने कहा कि पुलिस जाँच में दिवंगत समीर कुमार को ही अपराधी की तरह पेश करते हुए छवि धूमिल की जा रही है. उनकी हत्या एक राजनीतिक षड़यंत्र के तहत की गयी है, इसलिए हम सब सीबीआई जांच की मांग कर रहे है. वर्षा रानी ने कहा है कि अगर सरकार सीबीआई जांच के लिए नहीं मानी तो मुख्यमंत्री , राज्यपाल, PM व राष्ट्रपति आवास पर धरना पर बैठेंगी। वहीं जरूरत पड़ने पर हाइकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगी।

धरने पर समीर कुमार की पत्नी वर्षा रानी, उनके बेटे सहित कई शुभचिंतक शामिल है। इस उपवास के समर्थन में मधेपुरा सांसद पप्पू यादव भी मुजफ्फरपुर पहुंचे और दिवंगत समीर कुमार के हत्यारों को फांसी देने की मांग जिला प्रशासन से करते हुए कहा कि समीर कुमार की हत्या में सत्तासीन सफेदपोशों का हाथ है. AK 47 किसी ऐरे-गेरे अपराधियों के पास नहीं होता, बल्कि सफेदपोशों ने साजिश के तहत समीर कुमार की हत्या करवा कर मुजफ्फरपुर में उनकी राजनीती में बढ़ती लोकप्रियता को ख़त्म करने का काम किया है.

उन्होंने कहा कि मैंने कई बार कितने मंचों से उनके हत्यारों और उनकी हत्या में शामिल व्यक्तियों का खुल कर नाम बोल चुका हूँ. पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वो चहेते है, और आगामी चुनाव में टिकट के लिए 10 करोड़ रुपये खर्च करने वाले है. उन्होंने कहा कि समीर कुमार को मरवाने वाले जो लोग हैं उनके घर विपक्ष के नेता भी उनकी बेटी की शादी में आते है और मुख्यमंत्री भी उनके घर आते हैं. सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के ही साथ उनका उठना-बैठना है.

उन्होंने कहा कि समीर कुमार की हत्या में शामिल चार सफेदपोशों का नाम उन्होंने खुले तौर पर बता चूका हूँ, पर समीर कुमार की हत्या के जांच की दिशा ही बदल दी गयी है. उन्होंने समीर कुमार के हत्यारों को सजा दिलवाने तक वर्षा रानी का अपनी अंतिम साँसों तक साथ देने की बात कही.
इस बीच जातिगत टिप्पणी को लेकर गजपा समेत कई दल के कार्यकर्ताओं ने मधेपुरा सांसद पप्पू यादव के विरोध में पप्पू यादव वापस जाओ और अपनी टिप्पणी को लेकर पप्पू यादव माफ़ी मांगो के जमकर नारे लगाए और उन्हें वापस जाने की मांग करने लगे.

उप मेयर मान मर्दन शुक्ल ने भी समीर कुमार की हत्या के मामले में पुलिस का हाथ होने और सच्चाई को छुपाने की बात कही. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिजनों समेत शहरवासियों की मांग है कि गिरफ्तार आरोपियों के बयान की विडिओ रिकॉर्डिंग या ऑडियो सार्वजनिक किया जाये, और इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की जाए जिससे सारा मामला साफ हो सके.

कई राजनीतिक पार्टियों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा भी इस उपवास का समर्थन किया गया एवम् सभी सम्मिलित हुए।
वहीं मुजफ्फरपुर एसएसपी मनोज कुमार का कहना है कि अभी तक किसी परिजन ने लिखित या मौखिक कोई बयान या प्रमाण किसी व्यक्ति के ख़िलाफ़ नहीं दिया है । इस मामले में अब तक 7 अभियुक्तों को पुलिस गिरफ़्तार कर चुकी है और आगे का अनुसंधान SIT के द्वारा जारी है।
