गायघाट (मुजफ्फरपुर) जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत शिवदाहा बरैल गांव में शनिवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी पीसीसी सड़कों का भव्य उद्घाटन किया गया। सांसद सह केंद्रीय जल शक्ति मंत्री डॉ. राजभूषण निषाद ने हनुमान मंदिर से कन्हाई मिश्रा के घर तक नवनिर्मित सड़क का फीता काटकर उद्घाटन किया।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद भी किया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से शिवदाहा और आसपास के ग्रामीण इलाकों को आवागमन की सुविधा में बड़ा सुधार मिलेगा। अब बरसात और बाकी मौसम में भी लोग बिना किसी कठिनाई के आवागमन कर सकेंगे।
सांसद डॉ. निषाद ने कहा कि यह सभी विकास योजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने गांव-गांव तक सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुँचाने का जो वादा किया था, उसे जमीन पर उतारा जा रहा है।

मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी यदि भाजपा सरकार को मौका मिला तो जिले के हर कोने में विकास और तेज़ी से होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले के हर प्रखंड और पंचायत में आधुनिक सड़कें बनाई जा रही हैं, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिले और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हों।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया।


