गायघाट (मुजफ्फरपुर) जिले के गायघाट प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के नवनिर्मित प्रखंड कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री डॉ. राजभूषण निषाद ने फीता काटकर विधिवत रूप से इस कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के बीस सूत्री समिति के पदाधिकारी, एनडीए कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण निषाद ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजनों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड स्तर पर बीस सूत्री कार्यालय की स्थापना से स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं और उनकी निगरानी से जुड़ी जानकारी सुलभ होगी। मंत्री ने कहा कि पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन ही वर्तमान सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि बीस सूत्री कार्यक्रम केवल कागजों तक सीमित न रहे, इसके लिए स्थानीय स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी। कार्यालय के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद दी जाएगी।
प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष ने कहा कि इस कार्यालय के शुरू हो जाने से अब प्रखंड मुख्यालय आने वाले आमलोगों को सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी, शिकायत और समाधान के लिए एक समर्पित मंच मिलेगा। साथ ही समय-समय पर प्रखंड क्षेत्र की योजनाओं की प्रगति की जांच कर रिपोर्ट दी जाएगी।

इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित भाजपा पूर्वी जिला अध्यक्ष विवेक कुमार, प्रखंड उपाध्यक्ष सह मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश गामी, भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सिंह, अशोक सिंह, जदयू नेता नर्मदेश्वर सिंह, शशांक शेखर सिंह, आदर्श सिंह, मनोज कुमार पिंटू, मंडल अध्यक्ष संजागर सहनी, अमित राठौर, साहिल, नवीन निषाद, जयनंदन सहनी, विश्वजीत सहनी, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह सहित एनडीए गठबंधन के दर्जनों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह के अंत में केंद्रीय मंत्री ने सभी पदाधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में सजग, ईमानदार और सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
