पटना/मुजफ्फरपुर – बिहार सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रत्यय अमृत को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे 1 सितंबर 2025 से इस महत्वपूर्ण पद का कार्यभार संभालेंगे। मौजूदा मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिसके बाद प्रत्यय अमृत उनके उत्तराधिकारी के रूप में पद ग्रहण करेंगे। इस आशय की अधिसूचना सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार द्वारा 4 अगस्त 2025 को जारी कर दी गई है।

वर्तमान में प्रत्यय अमृत विकास आयुक्त, बिहार के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उनकी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और पारदर्शिता के लिए वे न सिर्फ बिहार, बल्कि पूरे देश में प्रशंसा पा चुके हैं। बिहार में कई महत्त्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उन्होंने स्वास्थ्य, शहरी विकास, आपदा प्रबंधन और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि
प्रत्यय अमृत का जन्म 7 जुलाई 1967 को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में हुआ था। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा प्रभात तारा स्कूल, मुजफ्फरपुर से प्राप्त की और आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज से की। वे इतिहास में पोस्ट ग्रेजुएट हैं और कॉलेज के टॉपर भी रहे हैं।
प्रत्यय अमृत 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। उनकी पहली पोस्टिंग झारखंड के सिमडेगा जिले में एसडीएम के रूप में हुई थी। तब से उन्होंने लगातार अपने कार्यों से प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया है।

उनके पिता डॉ. रिपुसूदन श्रीवास्तव बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर में दर्शनशास्त्र के प्रोफेसर रहे हैं और बाद में बीएन मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के कुलपति तथा सवर्ण आयोग के सदस्य भी रहे। उनकी मां डॉ. कविता, मुजफ्फरपुर के लंगट सिंह कॉलेज में हिंदी की प्राध्यापक रहीं हैं।
प्रत्यय अमृत की पत्नी डॉ. रत्ना अमृत पटना के ए.एन. कॉलेज में प्रोफेसर हैं। उनके दो बच्चे हैं – एक बेटा और एक बेटी।

मुजफ्फरपुर को गर्व
मुजफ्फरपुर के मूल निवासी प्रत्यय अमृत की मुख्य सचिव के रूप में नियुक्ति ने पूरे तिरहुत क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। जिले के लोगों में इस खबर से भारी उत्साह है। उनके प्रशासनिक योगदानों की व्यापक सराहना होती रही है और अब उम्मीद की जा रही है कि बतौर मुख्य सचिव वे बिहार को और सशक्त, सुशासित और विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
आधिकारिक अधिसूचना में क्या कहा गया?
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना संख्या 14354 (दिनांक 04.08.2025) में कहा गया है –
“प्रत्यय अमृत, आईएएस (1991), को दिनांक 01.09.2025 से बिहार राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया जाता है। तब तक वे मुख्य सचिव कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।”

एक सुशासन के प्रतीक
प्रत्यय अमृत ने पूर्व में ग्रामीण विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग सहित कई प्रमुख जिम्मेदारियां निभाई हैं। ऊर्जा विभाग में ट्रांसफॉर्मेशन, स्वास्थ्य विभाग में कोविड प्रबंधन और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उनकी कार्यकुशलता को व्यापक प्रशंसा मिली है।
अब जब वे राज्य के शीर्ष प्रशासनिक पद पर आसीन होने जा रहे हैं, बिहार की जनता को उनसे नई कार्य संस्कृति और विकास की उम्मीद है।
