नार्थ प्वाइंट स्कूल के पूर्व छात्र राहुल रंजन बने SBI के डीजीएम-मुज़फ्फरपुर का नाम रोशन किया

मुज़फ्फरपुर | शिक्षा जगत के लिए प्रेरक सफलता कथा

मुज़फ्फरपुर के दामुचक निवासी एवं नार्थ प्वाइंट स्कूल के पूर्व छात्र राहुल रंजन ने अपनी लगन और निरंतर मेहनत की बदौलत भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) के प्रतिष्ठित पद पर नियुक्त होकर शहर और अपने शिक्षण संस्थानों का मान बढ़ाया है।

राहुल रंजन ने वर्ष 1994 में नार्थ प्वाइंट स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद आर.डी.एस. कॉलेज से 1996 में इंटर तथा एल.एस. कॉलेज, मुज़फ्फरपुर से वर्ष 2000 में अर्थशास्त्र से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। स्नातक के दौरान ही वे एल.एस. कॉलेज में संचालित संस्था ‘सर्वे’ से जुड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए।

वर्ष 2002 में उनका चयन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की बॉम्बे कार्ड लिमिटेड में हुआ, लेकिन नौकरी से संतुष्टि न मिलने पर वे वापस मुज़फ्फरपुर लौट आए और पूरी एकाग्रता के साथ पुनः तैयारी शुरू की। अथक परिश्रम का परिणाम वर्ष 2003 में मिला, जब उन्हें एसबीआई में पीओ (Probationary Officer) के रूप में चयनित किया गया। वर्तमान में वे मुंबई के आंध्री ब्रांच में डीजीएम (Deputy General Manager) के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

राहुल रंजन ने अपनी सफलता का श्रेय नार्थ प्वाइंट स्कूल, सर्वे संस्था, वरिष्ठ मार्गदर्शकों और कठोर परिश्रम को दिया है। उन्होंने कहा कि सर्वे संस्था ने व्यक्तित्व विकास, समूह चर्चा और आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि तैयारी हमेशा सिलेबस के अनुसार करें, मेहनत से कभी समझौता न करें, और सफलता के लिए स्वयं पर अटूट विश्वास रखें।

राहुल रंजन की इस उपलब्धि पर नार्थ प्वाइंट स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण एवं पूर्व छात्र समुदाय ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उनकी यह सफलता मुज़फ्फरपुर और विशेष रूप से नार्थ प्वाइंट स्कूल के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.