नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद पद की ली सदस्यता, मांझी बोले- मैं बधाई नहीं दूंगा

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आज चारों सदनों के सदस्य बनने का सपना पूरा हो गया है. नीतीश कुमार ने राज्यसभा की भी आज शपथ ले ली. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ दिलाई.

राज्यसभा सांसद बने नीतीश कुमार

दरअसल, सीएम नीतीश कुमार 9 अप्रैल को ही राज्यसभा की सदस्यता लेने के लिए दिल्ली चले गए थे. आज 12:15 बजे उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली है. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण, ललन सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कांग्रेस के जयराम रमेश, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और कई दलों के नेता मौजूद थे.

JDU के कद्दावर नेता रहे मौजूद

नीतीश कुमार ने शपथ लेने के बाद कहा, ‘पहले तो हम यहीं थे ना.’ राज्यसभा की सदस्यता को लेकर जदयू के सभी वरिष्ठ नेता और अधिकांश मंत्री दिल्ली में कल से ही डेरा डाले हुए हैं. विजय कुमार चौधरी और संजय झा, नीतीश कुमार के साथ कल दिल्ली गए थे. हालांकि मंत्री अशोक चौधरी, मंत्री मदन सहनी, मंत्री जमा खान, मंत्री श्रवण कुमार के साथ केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और तमाम सांसद भी दिल्ली में मौजूद हैं.

आज ही पटना लौटेंगे CM

 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के नेताओं के साथ दिल्ली में बैठक भी की है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम 6:00 बजे तक पटना लौट आएंगे. पहले चर्चा थी कि 11 अप्रैल को मुख्यमंत्री दिल्ली से लौटेंगे लेकिन अब सीएम सचिवालय से जो जानकारी मिल रही है मुख्यमंत्री आज शाम में ही पटना लौट आएंगे.

खरमास की समाप्ति के बाद बिहार में नई सरकार
सीएम नीतीश के पटना आने के बाद नई सरकार बनाने की जो गतिविधियां हैं वह शुरू हो जाएंगी. दिल्ली में मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए खुद कहा है कि तीन से चार दिनों में नई सरकार बन जाएगी. ऐसे में एनडीए विधायक दल की बैठक अगले एक-दो दिनों में हो सकती है. कहा जा रहा है कि खरमास की समाप्ति के बाद बिहार में नई सरकार का गठन भी हो जाएगा. बिहार में नई सरकार को लेकर भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी आज दिल्ली में बुलाई गयी है.
‘बिहार विल मिस यू नीतीश जी’
इधर, नीतीश कुमार के काफी करीबी रहे जीतन राम मांझी ने काफी भावनात्मक पोस्ट किया. अपने सोशल अकाउंट एक्स पर लिखा, ”आज मैं नीतीश जी को राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेने की बधाई नहीं दूंगा. बस इतना कहूंगा, बिहार विल मिस यू नीतीश जी. ये मैं ही नहीं, पूरे बिहार की जनता कह रही है.”

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading