वर्दी खूंटी पर टंगी, ड्यूटी गंजी में निभी, बिहार पुलिस के अनुशासन का नया फैशन शो

बिहार : बिहार में पुलिस महकमे को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक एएसआई का वर्दी नियमों की खुली धज्जियां उड़ाता वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में मोतिहारी के मलाही थाना के एएसआई अरविंद यादव सरकारी वाहन पर गंजी पहनकर गश्ती करते नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए।

वायरल वीडियो में साफ दिखता है कि पुलिस की सरकारी गाड़ी और चालक तो मौजूद है, लेकिन ड्यूटी पर तैनात अधिकारी वर्दी की जगह सामान्य गंजी में बैठे दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य सामने आते ही इलाके में चर्चा का विषय बन गया और सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।

लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि वर्दी खूंटी पर टंगी है और ड्यूटी गंजी में निभाई जा रही है। इस घटना ने पुलिस अनुशासन और ड्रेस कोड को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई यूजर्स ने इसे सीधे-सीधे विभागीय अनुशासनहीनता का मामला बताया। वीडियो वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एएसआई अरविंद यादव को निलंबित कर दिया। एसपी की इस त्वरित कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पुलिस की छवि को धूमिल करती हैं और जनता के बीच गलत संदेश देती हैं। वहीं विभागीय स्तर पर भी इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए आगे जांच की बात कही जा रही है।

फिलहाल यह मामला न सिर्फ मोतिहारी बल्कि पूरे बिहार में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक ओर सोशल मीडिया पर लोग मजाक बना रहे हैं, तो दूसरी ओर पुलिस प्रशासन इसे सख्ती से अनुशासन का मामला बता रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading