पटना : मुख्यमंत्री बनने के छह दिन बाद सम्राट चौधरी दिल्ली रवाना हो गए हैं। आज वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री व्यस्त हैं। आज उन्होंने सम्राट चौधरी को दिल्ली में मिलने का समय दिया है। बताया जा रहा है कि सम्राट चौधरी पीएम मोदी से ही मुलाकात करने के अलावा और भी कुछ खास काम से दिल्ली गए हैं।

सूत्रों की मानें तो बिहार में नई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की फाइल आलाकमान के पास है। भाजपा को छोड़कर एनडीए के अन्य दलों में मंत्री पद को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। जनता दल यूनाईटेड के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पहले ही जदयू कोटे की लिस्ट सम्राट चौधरी को सौंप चुके हैं।

वहीं चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से जो मंत्री थे, लगभग वही रिपीट होंगे। लेकिन, भाजपा के वरिष्ठ नेता और दो बार उपमुख्यमंत्री रहे विजय सिन्हा नई सरकार में कौन सी जिम्मेदारी संभालेंगे? इस पर बातचीत स्पष्ट नहीं हो पाई है। इसलिए दिल्ली में आलाकमान ने अपने पास फाइल रख ली है।
