मुजफ्फरपुर में मॉ’ब लिं’चिंग: युवक की पी’ट-पी’टकर ह’त्या, पुलिस पर भी ह’मला

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर से भीड़तंत्र की एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है. जहां चोर होने के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद हालात और बिगड़ गए जब आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर ही हमला कर दिया गया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सामने आया है.

मुजफ्फरपुर में हत्या

दरअसल, मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के मरवापाकर गांव में एक युवक को चोर होने के शक में भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला. मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के मोरसांडी निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार साह के रूप में हुई है.

चोर समझकर पीटा

बताया जा रहा है कि राहुल अपनी बहन के घर आया हुआ था. मंगलवार की रात खाना खाने के बाद वह टहलने निकला, लेकिन रास्ता भटककर दूसरे टोले में पहुंच गया. इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे चोर समझ लिया और जमकर पिटाई कर दी. गंभीर हालत में उसे पहले सरैया पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे एसकेएमसीएच रेफर किया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

लोगों ने किया हंगामा

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे. प्रशिक्षु आईपीएस प्रसन्ना कुमार एमवी, एसडीएम पश्चिमी आकांक्षा आनंद और डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी समेत कई थानों की पुलिस ने हालात को संभाला. पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है.

पुलिस गाड़ी पर हमला

इस बीच एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस गाड़ी पर हमला कर उसे पीटते हुए देखा जा रहा है. पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं, एक मृतक की बहन के बयान पर और दूसरी पुलिस अधिकारी के बयान पर.

अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading