सीतामढ़ी: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को सीतामढ़ी के प्रसिद्ध पुनौरा धाम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने जानकी नवमी के पावन अवसर पर माता सीता और भगवान राम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला. मुख्यमंत्री ने न केवल दर्शन-पूजन किया, बल्कि मंदिर निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

दो दिवसीय सीतामढ़ी महोत्सव का उद्घाटन
जानकी नवमी, माता सीता के जन्मोत्सव का प्रतीक है. इसी विशेष अवसर पर आयोजित दो दिवसीय सीतामढ़ी महोत्सव का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री ने किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि शामिल हुए.

मंदिर परिसर में नेताओं से मुलाकात
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में ही पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया. इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की.

PM मोदी और नीतीश का सपना होगा साकार-सम्राट
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जानकी नवमी के इस पावन दिन पर माता जानकी का आशीर्वाद पूरे बिहार पर बना रहे. उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी ने जो सपना देखा है, उसे हर हाल में साकार किया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में विकास की गति को और तेज किया जाएगा.

कब तक बनेगा सीतापुरम ?
सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि किसी भी हाल में 31 दिसंबर 2028 तक मां सीता के मंदिर का काम पूरा करना है. क्योंकि हम अयोध्या देख रहे हैं, जहां प्रभु स्थापित हुए हैं. हमारे नेता नीतीश कुमार ने घोषणा की थी कि सीतापुरम बनाएंगे, तो मैंने जब पहली कैबिनेट की मीटिंग की तो सीतापुरम बनाने की निर्णय लिया है.

