औराई की धनश्यामपुर पंचायत में वृद्धा अवस्था पेंशन योजना में बड़ा घपला किया गया था। लोक शिकायत अधिकार अधिनियम में मामला आने के बाद जांच में इस घपले की पुष्टि की गई है।
सीओ की रिपोर्ट के अनुसार सूची में जिन लोगों को योजना का लाभ दिया गया उनकी उम्र पेंशन के लिए निर्धारित से कम थी। इसमें से एक की मौत हो चुकी है। वहीं ऐसे लोगों को भी वृद्धावस्था पेंशन दे दिया गया जिनकी उम्र कम 30 वर्ष से भी थी।
लोक शिकायत में मधुबन के हीरा पासवान ने योजना में घपले की शिकायत की थी। सुनवाई के बाद इसकी रिपोर्ट जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग से मांगी गई। इसके बाद सीओ से इसकी जांच कराई गई।

पंचायत में 25 लाभुकों की जांच कराई गई। इनके कम उम्र होने की आशंका जताई गई थी। जांच में इसकी पुष्टि भी की गई। इन सभी लाभुकों की उम्र पेंशन लेने के समय निर्धारित सीमा से कम पाई गई।
तत्कालीन पंचायत सचिव से लेकर अधिकारियों पर भी सवाल
वृद्धावस्था पेंशन के लिए पंचायत सचिव से लेकर अनुमंडलाधिकारी स्तर तक के अधिकारियों की भूमिका रहती है। वर्ष 2009-10 व 10-11 की योजनाओं में एक पंचायत में ही इस तरह के फर्जीवाड़े से तत्कालीन अधिकारियों के कार्य पर सवाल उठ रहे।राज्य में हजारों मृत लोगों के खाते में वृद्धावस्था पेंशन की राशि जा रही है। इस बारे में विभाग ने सभी डीएम को अलर्ट किया है। जारी निर्देश में सभी लाभुकों का भौतिक सत्यापन कराने को कहा गया है।
