पटना : पटना में पुलिस के सघन पेट्रोलिंग और अपराध नियंत्रण के तमाम दावो के उलट चोरो का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत मसौढ़ा तेलपा गांव में एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना 29 अप्रैल से 1 मई 2026 के बीच तब हुई जब घर की मालकिन डौली कुमारी अपने मायके में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। शुक्रवार सुबह जब वह वापस लौटीं, तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।

लाखों के गहने और कीमती सामानों की चोरी
पीड़िता डौली कुमारी पति स्व. विनीत कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि चोरों ने घर के कमरों का ताला तोड़कर अंदर सारा सामान बिखेर दिया था। आलमारी और बक्सों में रखे सोने के 4 चैन, 2 झुमके, 4 अंगूठियां, 4 पटरी और एक मंगलसूत्र गायब थे। इसके अलावा चांदी के कटोरे, मछली और सिक्के भी चोरी कर लिए गए। गहनों के साथ-साथ चोर बैंक और पोस्ट ऑफिस के जरूरी कागजात भी अपने साथ ले गए।

पीड़िता के अनुसार, चोरी गए गहनों और अन्य सामानों की कुल कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी गई है। घर के अंदर का मंजर देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी समय लेकर इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी ली और कीमती सामान चुनकर ले गए। इस घटना के बाद से गांव के अन्य निवासियों में भी असुरक्षा और भय का माहौल है।

फोरेंसिक जांच और पुलिसिया कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।बिक्रम थाने में इस संबंध में कांड संख्या 198/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों का सुराग लगाने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही इस मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
