मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में सड़क हादसा हुआ है. जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में रतनपुरा के पास भीषण सड़क दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

कार सवार 4 लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे मौके पर ही चारों लोगों ने दम तोड़ दिया. हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए. कार में फंसे शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया है.

मोतिहारी के रहने वाले हैं मृतक
वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतकों में दो की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के हुर्राहा निवासी कृष्णा कुमार और सोनू के रूप में हुई है. वहीं दो की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसकी पहचान में पुलिस जुटी हुई है.

कैसे हुआ हादसा?
स्थानीय लोगों के मुताबिक मारुति स्विफ्ट कार मोतिहारी की तरफ से आ रही थी. उसी दौरान रतनपुरा गांव के पास एनएच-28 पर बेकाबू होकर पहले बाइक में टक्कर मारी और फिर कंटेनर में जाकर टकरा गई.

क्या बोली पुलिस?
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कहा कि घटना की वजहों की छानबीन की जा रही है. प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ है.
