बिहार : भोजपुर-सह-बक्सर विधान परिषद स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र की सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। आज सुबह आठ बजे शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। इसके लिए भोजपुर और बक्सर में 25 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 6086 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस बार चुनावी मैदान में नीतीश कुमार की पार्टी से कन्हैया प्रसाद और राजद के सोनू कुमार राय के अलावा मनोज उपाध्याय, लालू प्रसाद यादव, कन्हैया प्रसाद 2 (पिता राम लायक महतो) और निरजंन कुमार राय चुनावी मैदान में हैं। दोनों जिलों में प्रशासन ने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। 14 मई को चुनाव परिणम आएगा।

जदयू के राधाचरण सेठ ने दिया था इस्तीफा
भोजपुर-सह-बक्सर विधान परिषद स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र की सीट 16 नवंबर 2025 को खाली हुई थी। इस सीट से विधान परिषद् सदस्य रहे जनता दल यूनाईटेड के नेता राधाचरण सेठ ने इस्तीफा दिया था।

तब से यह सीट खाली थी। इस चुनाव में त्रिस्तरीय पंचायत के वार्ड सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति के सदस्य और जिला परिषद् के सदस्य, नगर निकायों के वार्ड पार्षद और क्षेत्र के सांसद-विधायक भी मतदान करते हैं।

खरमास बाद जारी हुई थी अधिसूचना
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी शिड्यूल के अनुसार, 16 अप्रैल को यानी खरमास बाद इस सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी हुई थी। 23 अप्रैल को नामांकन की अंतिम तिथि है। 24 अप्रैल तक नामांकन पत्रों की जांच हुई थी। 27 अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नाम वापस लेने का अंतिम दिन था। 12 मई यानी आज मतदान है। वहीं 14 मई को काउंटिंग होगा।
