बिहार : कोसी और सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आने वाले समय में पूर्णिया-सहरसा रेलखंड पर एक्सप्रेस ट्रेनें 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती नजर आएंगी। समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ज्योतिष प्रकाश मिश्रा ने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के निरीक्षण के दौरान यह महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक सफर उपलब्ध कराना है।

वर्तमान में रेलखंड पर अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर
डीआरएम ने कहा कि ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए रेलवे ट्रैक के सुदृढ़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। वर्तमान में इस रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा है, जिसे बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा करने की तैयारी चल रही है। ट्रैक अपग्रेड होते ही लंबी दूरी की ट्रेनों के सफर के समय में काफी कमी आएगी और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

15 मई से बदलेगी ट्रेनों की समय सारणी
यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल और सहरसा-आनंद विहार स्पेशल ट्रेनों की समय सारणी में बड़ा बदलाव किया है। 15 मई 2026 से गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल अब पहले के मुकाबले 2 घंटे 30 मिनट कम समय में सफर पूरा करेगी। यह ट्रेन अब शाम 7:00 बजे खुलेगी और तीसरे दिन रात 1:05 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसी प्रकार, सहरसा से चलने वाली आनंद विहार स्पेशल भी अब करीब एक घंटा कम समय में अपनी दूरी तय करेगी। वापसी की ट्रेनों के समय में भी सुधार किया गया है, ताकि यात्रियों को दिन के समय अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा हो।

स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन और जानकीनगर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्भया योजना के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच की और प्लेटफॉर्म पर निर्माणाधीन वेटिंग रूम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
टिकट बुकिंग सुविधा होगी बहाल
यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग काउंटर पर यूटीएस (UTS) और पीआरएस (PRS) सेवाओं को फिर से बहाल किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को आरक्षित टिकट के लिए दूर-दराज के स्टेशनों का रुख नहीं करना पड़ेगा और टिकट बुकिंग प्रक्रिया आसान होगी।

लाखों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
रेलवे के इस फैसले से पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। तेज रफ्तार ट्रेनें और बेहतर समय सारणी न केवल यात्रियों का समय बचाएंगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक और सामाजिक विकास को भी नई गति देंगी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन बदलावों से यात्रियों का भारतीय रेलवे पर भरोसा और मजबूत होगा।