रोहतास: बिहार में बालू माफियाओं का तांडव सर चढ़ कर बोल रहा है या यूं कहे कि पुलिस प्रशासन का जरा भी इन्हें खौफ नहीं है. ताजा मामला जिला मुख्यालय सासाराम का है, जहां बेखौफ बालू माफिया ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान को ट्रेक्टर से सरेआम रौंद दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई. घटना नगर थाने क्षेत्र की है.
सिपाही पर चढ़ाया ट्रैक्टर
दरअसल घायल सिपाही की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जिसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि सासाराम के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास ट्रैफिक पुलिस के जवान ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान नो एंट्री के बावजूद एक बालू लदा ट्रैक्टर तेजी से शहर में प्रवेश करने लगा. मुकेश कुमार ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की तो, चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और सिपाही को कुचल दिया.

स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को पकड़ा
चश्मदीदों के मुताबिक ट्रैक्टर का पिछला चक्का सिपाही मुकेश कुमार के शरीर के ऊपर से गुजर गया जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.आनन- फानन में स्थानीय लोगों ने हिम्मत का परिचय देते हुए बालू लदे ट्रैक्टर को मौके पर पकड़ लिया. हालांकि मौके का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा.
सिपाही वाराणसी रेफर
वहीं स्थानीय लोगों ने ही तुरंत एंबुलेंस बुलाई और घायल सिपाही को सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया और मुकेश कुमार की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए बनारस रेफर कर दिया है.

DSP ने क्या कहा?
इधर घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी अमरकांत समेत कई पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले में जांच शुरू कर दी है. ट्रैफिक डीएसपी अमरकांत ने बताया कि फिलहाल हमारी सबसे पहली प्राथमिकता घायल जवान मुकेश कुमार की जान बचाना है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है. चालक की पहचान की जा रही है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

