बिहार: बिहार इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के आधे से अधिक जिलों में पारा इतना हाई हो गया है कि चमड़ी झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। सोमवार को गर्मी ने पिछले साल का रिकार्ड तोड़ दिया। गयाजी राज्य का सबसे गर्म जिला रहा जहां का तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार का दिन इस सीजन का अभी तक का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगले तीन चार दिनों तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी।

सोमवार को प्रदेश के कईे जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी। पटना आईएमडी की ओर से बताया गया है कि बेतिया, मोतिहारी, मधुबनी, सुपौल, छपरा, बक्सर, कैमूर, सासाराम, गयाजी, अरवल, औरंगाबाद, मुंगेर समेत कई स्थानों पर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कुछ स्थानों में बीते 24 घंटों में तापमान में गिरावट आई। लेकिन, सभी जिलों में तबाही वाली गर्मी पड़ रही है। अगले तीन से चार दिनों तक गर्मी राज्य के लोगों को सताएगी। कुछ जिलों में लू पड़ने के आसार हैं।

एडवाइजरी
सोमवार को बक्सर में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस, कैमूर में 43.9, देहरी में 44, औरंगाबाद में 43, छपरा में 40.4, औरंगाबाद में 40, अरवल में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम को देखते हुए सिर ढक कर रखने, हल्के कपड़े पहनने के साथ अधिक मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करने की सलाह दी गयी है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों से सिविल सर्जन को अलर्ट कर दिया है। मुजफ्फरपुर, सीतमढ़ी, शिवहर, वैशाली, समस्तीपुर में गर्मी और तेज धूप में बढ़ने वाली बच्चों की बमारी एईएस को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयार है।

दोपहर में यथा संभव मकान के अंदर रहें
मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन की ओर से आमजनों को सलाह दी गई है कि दिन के 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच यथा संभव किसी मकान के अंदर ही रहें। मौसम के बुरे प्रभाव खासकर लू से बचने के लिए तला, भूना, मसालेदार खाने से परहेज करें और अधिक से अधिक पानी और पेय पदार्थों का सेवन करें। यथा संभव हल्के रंग के सूती कपड़ों का उपयोग करें।
