राहत भरी खबर: भागलपुर से लापता पांच नाबालिग बच्चियां पटना जंक्शन से मिली

पटना : बिहार की राजधानी पटना से राहत भरी खबर सामने आई है. भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र से लापता हुई पांच नाबालिग बच्चियों को पटना रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया. बच्चियों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है. वहीं रेल पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना की जा रही है.

भागलपुर से पांच बच्चियां हो गई थी गायब

दरअसल, भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित लाल चक गांव निवासी रेखा देवी (पति भोला मंडल) ने बुधवार 20 मई 2026 को स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी बेटी समेत गांव की पांच बच्चियों के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. एक साथ पांच नाबालिग बच्चियों के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू कर दी गई.

पुलिस ने जारी किया अलर्ट

पुलिस ने बच्चियों के हुलिए और तस्वीरों के आधार पर राज्य के विभिन्न जिलों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों और रेल पुलिस इकाइयों को अलर्ट जारी किया. इसी दौरान सूचना मिली कि बच्चियां ट्रेन के जरिए पटना की ओर आ सकती हैं. सूचना मिलते ही पटना रेल पुलिस अलर्ट मोड में आ गई.

रेल पुलिस को मिली सफलता

रेल एसपी के निर्देश पर पटना जंक्शन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, एंट्री और एग्जिट गेट पर निगरानी बढ़ा दी गई. सघन जांच के दौरान पटना जंक्शन परिसर में पांच बच्चियां संदिग्ध अवस्था में घूमती मिलीं.

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनका हुलिया भागलपुर से भेजी गई जानकारी से मेल खाता नजर आया. इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मदद से सभी बच्चियों को सुरक्षित हिरासत में लिया गया और उनकी पहचान का सत्यापन किया गया. पूछताछ में पुष्टि हुई कि ये वही पांचों बच्चियां हैं जो नाथनगर थाना क्षेत्र से लापता हुई थीं.

 

कैसे बच्चियों को बरामद किया गया?

पटना जीआरपी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को सुबह-सुबह एसआरपी के द्वारा सूचना प्राप्त हुई थी कि पांच बच्चे गायब हो गए हैं. एसएसपी भागलपुर के द्वारा भी इसकी सूचना जीआरपी को दी गई थी. इसके बाद मुझे बोला गया था कि इन बच्चियों को ढूंढना है, जिसके बाद पटना जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर इन सभी पांचों नाबालिक बच्चियों को बरामद कर लिया गया है.

हर पहलू को खंगाला जा रहा

रेल पुलिस ने सभी बच्चियों को सुरक्षित संरक्षण में रखा है. महिला पुलिस अधिकारी और काउंसिलर्स उनसे बातचीत कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किन परिस्थितियों में भागलपुर से पटना पहुंचीं. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है.

इधर, सूचना मिलने के बाद भागलपुर पुलिस की टीम परिजनों के साथ पटना के लिए रवाना हो चुकी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद सभी बच्चियों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया जाएगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading