मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी स्थित मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार को एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान रिमी कुमारी (21 वर्षीय) के रूप में हुई है, जो कॉलेज में पांचवें सेमेस्टर की छात्रा थी. घटना के बाद कॉलेज परिसर में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में मिला छात्रा का शव
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, मृतक छात्रा रिमी कुमारी मूल रूप से मुजफ्फरपुर के लक्ष्मी चौक इलाके की रहने वाली थी. पिता टेंट व्यवसायी है. कॉलेज में छात्रा में 2023 में दाखिला लिया था, यहां इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिकस इंजीनियरिंग के तृतीय वर्ष में पढ़ाई कर रही थी.

नाराज छात्रों ने गेट पर जड़ा ताला
छात्रा की मौत की खबर सुनकर पूरे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया. देर रात छात्रों का हंगामा देखने को मिला, जब छात्रों ने कॉलेज के गेट में ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए. इसके बाद सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाया, जिसके बाद छात्रों का हंगामा शांत हुआ.
बेतिया से परीक्षा देकर लौटी थी, फिर कमरे में चली गई
हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं ने बताया कि, पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा चल रहा थी. बुधवार की शाम वह बेतिया के कुमारबाग इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा देकर वापस हॉस्टल लौटी थी. शाम करीब 6 बजे वह सीधे अपने कमरे में चली गई थी. इस दौरान उसने किसी से ज्यादा बातचीत नहीं की.
गुरुवार सुबह 10 बजे उसने नाश्ता किया था
छात्राओं के मुताबिक, रिमी कमरे में अकेले रहती थी. बुधवार रात वह डिनर करने नीचे आई थी, लेकिन उस समय भी वह काफी शांत थी और किसी से बात नहीं कर रही थी. गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उसने नाश्ता किया और फिर अपने कमरे में लौट गई. इसके बाद वह बाहर नहीं निकली.

2 बजे लंच के लिए दोस्तों ने दरवाजा खटखटाया
दोपहर करीब 2 बजे हॉस्टल की कुछ छात्राएं उसे खाने के लिए बुलाने उसके कमरे तक पहुंचीं. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद छात्राओं ने हॉस्टल वॉर्डन को इसकी सूचना दी. वॉर्डन मौके पर पहुंचीं और करीब 10 मिनट तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई.
कॉलेज स्टॉफ ने दरवाजा खोला
इसके बाद वॉर्डन ने कॉलेज के प्रिंसिपल नवनीत कुमार को सूचना दी. करीब 2:30 बजे प्रिंसिपल कॉलेज स्टॉफ के साथ हॉस्टल पहुंचे. बताया जा रहा है कि इस दौरान सभी छात्राओं को अपने-अपने कमरों में जाने के लिए कह दिया गया था. इसके बाद स्टॉफ की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया.

अन्य छात्राओं से भी पूछताछ
कॉलेज प्रशासन छात्रा को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के पहुंचने से पहले ही छात्रा को कमरे से बाहर निकाल लिया गया था. इसके बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली. पुलिस ने हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से भी पूछताछ की है.
छात्रा के गर्दन पर निशान- डॉक्टर
घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं. डॉक्टरों की शुरुआती जांच में छात्रा के गले पर फंदे या हैंगिंग जैसे निशान मिलने की बात कही गई है. वहीं कॉलेज के प्रिंसिपल नवनीत कुमार का कहना है कि ”छात्रा बेहोशी की हालत में बेड पर मिली थी.” इसी विरोधाभास को लेकर मामले को संदिग्ध माना जा रहा है.

छात्रा की संदिग्ध मौत, क्या बोली पुलिस?
मामले की जांच कर रहीं डीएसपी कुमारी प्रियंका ने बताया कि, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि कमरे से मिले साक्ष्यों की वैज्ञानिक तरीके से पड़ताल की जा सके.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही रिमी के परिजन मोतिहारी पहुंचे. पिता प्रदीप कुमार बेटी की मौत की खबर सुनकर सदमे में है. वहीं परिवार को बेटी की हत्या किए जाने की आशंका हैं. कॉलेज परिसर में भी घटना के बाद शोक का माहौल है. छात्राओं के बीच डर और दहशत का माहौल देखा जा रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.