केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर पथराव, बॉडीगार्ड घायल.. 2 युवक गि’रफ्तार

गया: बिहार के गया जिले के खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत सिसवर गांव स्थित स्कूल में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के कार्यक्रम के दौरान दो पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई है. कार्यक्रम के दौरान जब मंत्री संबोधन के लिए मंच की ओर बढ़ रहे थे, तभी बाहर से पत्थर फेंके गए. एक पत्थर उनके बॉडीगार्ड को लगा, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई.

पुलिस ने दो युवकों को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों से फिलहाल पूछताछ जारी है. नीमचक बथानी के एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मौखिक जानकारी मिलने पर पुलिस स्वत संज्ञान लेते हुए छानबीन कर रही है.

अभी तक लिखित शिकायत नहीं

एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार के अनुसार, स्कूल प्रबंधन या किसी नेता की ओर से अभी तक थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है. पुलिस ने लिखित शिकायत की अपील की है, जिसके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है.

पहले मिली थी धमकी

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में समधन सह बाराचट्टी विधानसभा की विधायक ज्योति देवी के काफिले पर हमला हुआ था. इसके बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को भी धमकी मिलने की सूचना सामने आई थी। इन घटनाओं से जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

कार्यक्रम स्थल पर क्या हुआ

संत थॉमस इंग्लिश स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में जीतन राम मांझी को स्कूल प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया. जैसे ही वे संबोधन शुरू करने वाले थे, बाहर से फेंके गए पत्थरों ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया.

जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ ने कहा कि “इस तरह का मामला संज्ञान में आया है. पुलिस की कार्रवाई चल रही है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है. सही तथ्यों की जांच की जा रही है.” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक मंत्री पर पत्थर फेंके जाने की पुष्टि पूरी तरह से नहीं हुई है.

सुरक्षा पर सख्ती की मांग

इस घटना ने बिहार में केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता भी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि पुलिस अग्रिम कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading