‘इज्जत’ के लिए पिता ने बेटी की ग’ला द’बाकर की ह’त्या, फिर बोरा में पैक कर नदी में गाड़ दिया

नवादा : बिहार के नवादा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक पिता ने अपनी ही शादीशुदा बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बोरे में बंद कर कौड़िहारी नदी में फेंक दिया गया. मामला धमौल थाना क्षेत्र के एक गांव का है. जहां से 20 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल को आरोपी पिता ने अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को छिपाने के लिए उसे बोरे में भरकर कौड़िहारी नदी में फेंक दिया गया. घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और बेटी के कथित चाल-चरित्र को लेकर नाराजगी बताई जा रही है.

पिता ने अपना जुर्म कबूला

गिरफ्तार आरोपी पिता ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया कि बेटी के व्यवहार को लेकर परिवार में लगातार विवाद हो रहा था, जिसे उसने ‘इज्जत’ का मुद्दा मानते हुए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.

मां और भाई भी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही धमौल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता के साथ-साथ मृतका की मां और भाई को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने कौड़िहारी नदी से शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

राजस्थान में हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी करीब दो वर्ष पहले राजस्थान में हुई थी. कुछ समय ससुराल में रहने के बाद वह मायके लौट आई थी. परिजनों के मुताबिक, उसके व्यवहार को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था, जिससे परिवार में तनाव बढ़ता गया.

30 अप्रैल की वो काली रात

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 30 अप्रैल की रात को आरोपी पिता ने पत्नी और बेटे के साथ मिलकर गला दबाकर बेटी की हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर कौड़ीहारी नदी में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे.

शव ऊपर आया तो नदी किनारे गाड़ दिया

घटना के करीब एक सप्ताह बाद शव नदी में ऊपर आ गया, जिससे आरोपी घबरा गए. इसके बाद मृतका के पिता और भाई ने शव को बाहर निकालकर दूसरी जगह ले जाकर मिट्टी में दबा दिया. करीब 26 दिनों तक मामला पूरी तरह दबा रहा और गांव में किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी.

हरकत में आई पुलिस, तीनों ने कबूला जुर्म

रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद धमौल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता, मां और भाई को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. आरोपी पिता ने बताया कि वह बेटी के चाल-चलन से नाराज था, इसी वजह से हत्या की साजिश रची गई.

नदी किनारे खुदाई कर बरामद हुआ शव

आरोपी की निशानदेही पर सोमवार सुबह पुलिस ने कौड़ीहारी नदी किनारे खुदाई कर शव बरामद किया. शव निकलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी, पुलिस इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे.

गला घोंटने के मिले निशान

प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर गला घोंटने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं. पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 201 (साक्ष्य मिटाने) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है.

हर एंगल से हो रही जांच

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि यदि इस घटना में किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading