गया: बिहार के गया में एक शादीशुदा महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक के पिता ने ससुरालवालों पर कत्ल का इल्जाम लगाया है. उनका आरोप है कि बेटी ने खाने में चार रोटी कम बनाई थी, जिससे दामाद नाराज हो गए और गुस्से में उसे मार डाला. पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. घटना जिले के इमामगंज थाना के विश्रामपुर गांव की है.

कम रोटी बनाने पर बेटी को मार डाला
मृतक रीना (26 वर्ष) के पिता बजराही गांव निवासी दिलीप मिस्त्री ने बताया कि उनके दामाद सागर विश्वकर्मा बिहार से बाहर जाकर काम करता है. ससुराल में उनकी बेटी अपने सास-ससुर के साथ रहती थी. शनिवार को जब उनकी बेटी से बात हुई तो उसने बताया कि खाने में चार रोटी कम पड़ गई थी, जिससे ससुराल के लोग नाराज हो गए हैं.

चेन्नई से दामाद ने किया फोन
दिलीप मिस्त्री ने बताया कि मैंने अपनी बेटी को समझाया कि शांत रहो, हम आएंगे तो समझा देंगे. इसी बीच रविवार की सुबह में चेन्नई से रीना के पति का फोन आया कि करंट लगने से उसकी मौत हो गई है. सूचना के बाद जब हमलोग पहुंचे तो देखा कि ठठरी (अर्थी) बनाकर रखे हुए हैं. हम लोगों के आने से पहले उठाकर भाग रहे थे.

पहले भी होती थी प्रताड़ना
मृतक के पिता ने बताया कि रीना की शादी साल 2019 में हुई थी. वे बताते हैं कि पहले भी लड़ाई होती थी. कई बार समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया गया था. दहेज को लेकर भी लगातार दबाव बनाया जा रहा था. अब इसी बीच खाने में रोटी कम बनाने के कारण ससुरालवालों ने मेरी बेटी को मार दिया और करंट से मौत का बहाना बना रहे हैं. उन्होंने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है.

पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
वहीं, पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा हो सकेगा. थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.