मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 38 में पेंशनधारियों की सुविधा को लेकर एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया, जहां वैसे बुजुर्ग और लाभुक जिनका अब तक जीवित प्रमाण पत्र नहीं बन पाया था, उनका जीवित प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराई गई। यह कैंप नगर निगम के कैंप कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में पेंशनधारी पहुंचे और जरूरी दस्तावेजों के साथ अपना सत्यापन कराया।


इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व पार्षद इकबाल कुरैशी स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने बुजुर्गों की मदद करते हुए पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। उन्होंने बताया कि कई पेंशनधारी तकनीकी दिक्कतों, जानकारी के अभाव और उम्र संबंधी परेशानियों के कारण अब तक जीवित प्रमाण पत्र नहीं बनवा पाए थे, जिससे उनकी पेंशन प्रभावित होने की संभावना थी। ऐसे लोगों की परेशानी को देखते हुए वार्ड स्तर पर कैंप लगाकर उनका काम कराया गया।


इकबाल कुरैशी ने कहा कि सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन प्राप्त करने वाले लाभुकों के लिए जीवित प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई, ताकि बुजुर्गों को इधर-उधर भटकना न पड़े और उन्हें वार्ड स्तर पर ही सुविधा मिल सके।


कैंप में लाभुकों के आधार कार्ड, पेंशन से जुड़े दस्तावेज और अन्य आवश्यक कागजातों का सत्यापन कर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की गई। कई बुजुर्गों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वार्ड में इस तरह का कैंप लगने से उन्हें काफी राहत मिली है और उनका काम आसानी से हो गया।

पूर्व पार्षद इकबाल कुरैशी ने कहा कि वार्ड के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी इस तरह के जनसहयोग कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके और कोई भी लाभुक सुविधा से वंचित न रहे।


