मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर में बकरीद को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बड़ी ईदगाह गौशाला परिसर में साफ-सफाई, पानी निकासी, लाइटिंग और साउंड व्यवस्था का काम पूरा कर लिया गया है। कमेटी की ओर से नमाज़ियों से समय पर ईदगाह पहुंचने की अपील की गई है।


बड़ी ईदगाह गौशाला के सचिव एवं पूर्व वार्ड पार्षद 38 इकबाल कुरैशी ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल की आंधी और बारिश के बाद ईदगाह परिसर में गिरे पत्तों और जमा पानी को निगम की जेटिंग मशीनों की मदद से पूरी तरह साफ करा दिया गया है। अब ईदगाह परिसर पूरी तरह सूखा और नमाज़ के लिए तैयार है।


उन्होंने बताया कि बकरीद की नमाज़ कल सुबह ठीक साढ़े सात बजे अदा की जाएगी। मदरसा जामिया उलूम के मुफ्ती मौलाना मौलाना इकबाल अहमद नमाज़ पढ़ाएंगे। कमेटी की ओर से सभी नमाज़ियों से अपील की गई है कि वे सुबह सात बजे तक ईदगाह पहुंच जाएं, ताकि जमात की व्यवस्था सुचारू रूप से हो सके।


ईदगाह कमेटी की ओर से लाइटिंग और साउंड सिस्टम की विशेष व्यवस्था की जा रही है। ईदगाह परिसर के बाहर सड़क तक नमाज़ अदा करने वाले लोगों को भी तकबीर और नमाज़ की आवाज़ स्पष्ट रूप से सुनाई दे, इसके लिए माइकिंग की व्यवस्था की गई है।

इकबाल कुरैशी ने कहा कि कमेटी का प्रयास है कि स्वच्छ और शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद की नमाज़ संपन्न हो। उन्होंने सभी शहरवासियों को बकरीद की मुबारकबाद भी दी।

