भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में जिला नियोजनालय द्वारा आज 29 मई, शुक्रवार को एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया गया है. यह कैंप जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर, कृषि भवन, आरा में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगा.

25 पदों पर भर्ती
जॉब कैंप में एसआईएस सिक्योरिटी भोजपुर आरा द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के कुल 25 पदों पर भर्ती की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को 18 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिए जाने का प्रावधान है.

योग्यता और शर्तें
इस भर्ती में 19 से 40 वर्ष तक के पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं या स्नातक निर्धारित है. केवल आरा एवं भोजपुर जिले के स्थानीय अभ्यर्थी ही इंटरव्यू में शामिल हो सकेंगे.

ऑन स्पॉट चयन प्रक्रिया
जिला नियोजनालय पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने बताया कि अभ्यर्थियों का चयन ऑन स्पॉट किया जाएगा. जॉब कैंप में भाग लेने के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है.

निबंधन कैसे करें
जिन अभ्यर्थियों का अभी निबंधन नहीं हुआ है, वे नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं या जिला नियोजनालय, भोजपुर में संपर्क कर निबंधन करा सकते हैं.

मुफ्त प्रवेश, अपील जारी
जॉब कैंप में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा. इच्छुक अभ्यर्थी बायोडाटा एवं आधार कार्ड लेकर उपस्थित हों. जिला नियोजन पदाधिकारी ने बेरोजगार युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार का लाभ उठाने की अपील की है.