पटना: राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिलों में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. राजधानी पटना में दिन के समय ही रात जैसा माहौल देखने को मिल रहा है. आसमान में गंभीर रूप से काले बादल छा गए और तेज गर्जन, बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई.

कई जिलों के लिए रेड अलर्ट
कई इलाकों में इतनी घनी बादल छाए रहे कि दिन के समय भी लोगों को वाहन की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा. मौसम विभाग ने पहले ही राज्य के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी थी.
इन जिलों में तेज आंधी और बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र की ओर से जारी तात्कालिक मौसम चेतावनी में पटना सहित गया, जहानाबाद, नालंदा, पूर्वी चंपारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर समेत 16 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई थी.

मेघ गर्जन और वज्रपात
विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगले दो से तीन घंटे के दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इसके साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई थी. मौसम विभाग ने इसे रेड वार्निंग श्रेणी में रखा है, जिसका मतलब है कि लोगों को तत्काल सावधानी बरतने की जरूरत है.
तेज हवाओं के साथ बारिश
पटना में सुबह से ही मौसम का असर दिखाई देने लगा था. धीरे-धीरे काले बादलों ने पूरे आसमान को ढक लिया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. कई इलाकों में पेड़ झूमते नजर आए और सड़कों पर पानी भरने की स्थिति बनने लगी. मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज हवा और बिजली गिरने के खतरे को लेकर चिंता भी बढ़ गई है.
लोगों को मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर निकलने से बचें. खासकर खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की अपील की गई है. किसानों को भी खेतों में काम नहीं करने और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवा के कारण कमजोर ढांचे और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है.

क्या है तेज बारिश का कारण
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और पूर्वी भारत के ऊपर सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण बिहार में मौसम तेजी से बदल रहा है. यही वजह है कि कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं. फिलहाल अगले कुछ घंटों तक मौसम इसी तरह खराब बने रहने की संभावना जताई गई है.

आसमान में छाए काले बादल
राजधानी पटना में अचानक छाए अंधेरे और तेज बारिश ने शहर की रफ्तार धीमी कर दी. कई इलाकों में लोग दुकानों और भवनों के अंदर शरण लेते नजर आए, जबकि सड़कों पर वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.