बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 10वीं पास एक होनहार छात्र की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल गांव निवासी 16 वर्षीय विकास यादव के रूप में हुई है. विकास ने हाल ही में 10वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी से पास की थी और आगे चलकर अफसर बनने का सपना देख रहा था.

स्कॉलरशिप फॉर्म भरने के बहाने बुलाया
परिजनों के मुताबिक, 26 मई को विकास अपने दोस्त मोहित के साथ ऑनलाइन स्कॉलरशिप का फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकला था. मोहित उसे बहाने से बलिया ले गया, जहां मुख्य आरोपी विकास यादव (पिता- मूसो यादव) पहले से मौजूद था. इसके बाद विकास का अपहरण कर उसे खगड़िया के दियारा इलाके में ले जाया गया.

बेगूसराय में हत्या कर शव जलकुंभी में फेंका
आरोप है कि दियारा इलाके में विकास के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर गर्दन मरोड़कर उसकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को जलकुंभी में फेंक दिया गया. पुलिस ने 26 मई की रात ही शव बरामद कर लिया था.
पुरानी रंजिश में हत्या
पुलिस जांच में हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी ने मृतक के बड़े भाई शिवम के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर गांव की महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट की थीं. इस मामले में आरोपी फरवरी में जेल गया था और हाल ही में बाहर आया था.

15 हजार रुपये और कर्ज माफी का लालच
एसपी मनीष के अनुसार, मुख्य आरोपी ने सह-आरोपी मोहित का ₹5 हजार का कर्ज माफ करने और अतिरिक्त ₹15 हजार देने का लालच देकर विकास को बुलवाया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों मोहित (19) और विकास (20) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

6 लोगों पर केस
इस मामले में कुल 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गुरुवार को सिमरिया गंगा घाट पर विकास का अंतिम संस्कार किया गया. होनहार बेटे की मौत से पूरे कंकौल गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.

