पुलिस से भागते आरोपी की नदी में डूबकर मौ’त, परिजनों ने किया थाने का घे’राव; महिला SHO ने तानी पिस्टल

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में पुलिस की हिरासत से हाथ छुड़ाकर भागे एक युवक की शुक्रवार को नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार की सुबह जैसे ही नदी से युवक का शव बरामद हुआ, वैसे ही परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने मोरकाही थाने का घेराव कर जमकर हंगामा और बवाल काटा। मृतक की पहचान स्थानीय सबलपुर गांव निवासी शत्रुघ्न पासवान के 25 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में की गई है।

सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने किया था गिरफ्तार

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात सबलपुर गांव में विधि-व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने सौरभ कुमार और अंशु कुमार नाम के दो आरोपितों को हिरासत में लिया था। पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को गाड़ी में बिठाकर थाने ला रही थी, तभी रास्ते में सबलपुर गांव स्थित एक मंदिर के पास सौरव कुमार पुलिस टीम को चकमा देकर और हाथ छुड़ाकर भागने में सफल रहा।

अंधेरे में भागने के चक्कर में मालती नदी में डूबा युवक

भागने के दौरान सौरव कुमार मंदिर के ठीक पीछे स्थित मालती धार की तरफ चला गया और रात के घने अंधेरे के कारण गहरे पानी में डूब गया। शुक्रवार की रात काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका, जिससे नाराज परिजनों ने देर रात से ही थाने पर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। शनिवार की सुबह शव मिलते ही भीड़ हिंसक हो गई और मोरकाही थानाध्यक्ष अंतिमा कुमारी के साथ धक्का-मुक्की करने लगी। स्थिति बेकाबू होती देख थानाध्यक्ष ने भीड़ को खदेड़ने के लिए अपनी सरकारी पिस्टल निकाल ली और आक्रोशित लोगों को कड़े लहजे में हड़काया।

एसडीओ और एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा

थाने पर बवाल और थानाध्यक्ष द्वारा पिस्टल ताने जाने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीओ धनंजय कुमार और एसडीपीओ मुकुल रंजन कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने आक्रोशित स्थानीय लोगों को कानूनी कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया। इधर, खगड़िया के एसपी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर बेहद गंभीरता से जांच कर रही है। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस बल द्वारा इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading