‘राबड़ी देवी मां समान हैं उनका अपमान…’, पप्पू यादव का भावुक बयान, जानें क्यों कहा ऐसा?

बिहार : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 20 साल से अधिक समय से आवंटित सरकारी आवास खाली करने के आदेश के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव खुलकर लालू परिवार के समर्थन में सामने आए हैं और सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है।

मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने कहा कि जिस मंत्री को यह सरकारी आवास आवंटित किया गया है, उन्हें कोई दूसरा आवास दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी केवल लालू प्रसाद यादव के परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए मां के समान हैं। ऐसे में उन्हें घर खाली करने के लिए मजबूर करना उचित नहीं है।

पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधा

पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता हमेशा किसी के पास नहीं रहती। उन्होंने कहा कि जो लोग आज सत्ता में हैं, वे भी भविष्य में पूर्व पदाधिकारी बन जाएंगे। इसलिए राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम नहीं करना चाहिए। उनके अनुसार लोकतंत्र में सम्मान और मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। इस दौरान उन्होंने चर्चित रिशु श्री मामले को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए। पप्पू यादव ने दावा किया कि रिशु श्री सिन्हा के पास करीब 15 कंपनियां थीं और इन्हीं कंपनियों के माध्यम से कई बड़े काम लिए गए। उन्होंने कहा कि मामले में केवल कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की जा रही है, जबकि सभी संबंधित लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

किस मामले में अदालत का रुख करेंगे पप्पू यादव?

पप्पू यादव ने यह भी आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नगर विकास विभाग से यह जानकारी मांगी थी कि इन कंपनियों को कितने टेंडर दिए गए, लेकिन इस संबंध में अब तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर जांच निष्पक्ष है तो सभी पक्षों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

पप्पू यादव ने दावा किया कि इस मामले में कई बड़े नाम जुड़े हुए हैं। हालांकि उन्होंने फिलहाल किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि वह एक सप्ताह के भीतर उन लोगों के नाम सार्वजनिक करेंगे, जिनकी भूमिका इस मामले में रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और तेज सुनवाई के लिए वह अदालत का रुख करेंगे। जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक जाने की भी बात उन्होंने कही। उनका कहना था कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

पप्पू यादव ने विपक्षी दलों को घेरा

बिहार की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए पप्पू यादव ने विपक्षी दलों को भी घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनता से जुड़े मुद्दों पर अधिक सक्रिय होना चाहिए। साथ ही उन्होंने लालू परिवार को भी सलाह दी कि राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय जनता के बीच जाकर संघर्ष को प्राथमिकता दें। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों पर भी उन्होंने चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत है और कोचिंग माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading