बिहार: बिहार में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब ज्यादा किराया देना होगा। परिवहन विभाग ने 1 जून से सरकारी बसों के किराए में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इस फैसले का असर राज्य की करीब 1500 सरकारी बसों पर पड़ेगा।नई दरों के अनुसार साधारण बसों का किराया 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1.71 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों का खर्च बढ़ जाएगा।

एसी और प्रीमियम बसों के किराए में भी बढ़ोतरी की गई है। एसी डीलक्स बसों का किराया 2 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। वहीं सामान्य एसी बसों के लिए भी 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर की नई दर तय की गई है। वॉल्वो और मर्सिडीज जैसी प्रीमियम बसों में सफर करने वाले यात्रियों को अब 2.88 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया देना होगा।

सरकारी बसों के किराए में बढ़ोतरी
सरकारी बसों के किराए में बढ़ोतरी के बाद निजी बस संचालकों ने भी किराया बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने राज्य की लगभग 40 हजार निजी बसों के किराए में भी करीब 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। फेडरेशन के अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह ने बताया कि किराया बढ़ोतरी को लेकर रविवार को बस संचालकों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में तय किया जाएगा कि निजी बसों का नया किराया सरकारी बसों के बराबर होगा, उससे कम होगा या फिर ज्यादा रखा जाएगा।

ऑटो किराया बढ़ाने की भी तैयारी
बसों के बाद अब ऑटो किराया बढ़ाने की भी तैयारी है। ऑटो संगठनों की बैठक में किराए में 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी पर सहमति बनी है। पटना जिला ऑटो रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष पप्पू यादव ने बताया कि पटना सहित पूरे बिहार में ऑटो किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

इस संबंध में सोमवार को औपचारिक प्रस्ताव भी दिया जाएगा। लगातार बढ़ रहे परिवहन खर्च का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। पहले बस किराया बढ़ा है और अब ऑटो किराया बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रोजाना यात्रा करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों का मासिक खर्च पहले से ज्यादा हो सकता है।

