मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित एक निजी होटल में नॉर्थ बिहार इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स एंड क्राफ्ट (NBI) द्वारा आयोजित भव्य कला एवं सांस्कृतिक महोत्सव “मास्टर स्ट्रोक 2026” और “क्रियोड म्यूजिक 2026” का सफल एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में कला, संस्कृति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद एनबीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल फलक ने अतिथियों एवं कलाकारों का स्वागत किया।

इस अवसर पर मुजफ्फरपुर के विधायक रंजन कुमार, आरपीएस कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल एंड रिसर्च के चेयरमैन राकेश कुमार, मोनास्टिक इंग्लिश स्कूल के निदेशक गुंजन कुमार, ब्राइडल आर्ट ऑफ बिहार की संस्थापक नूपुर दीपक तथा पराशर हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. विजयेश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त एक्रिलिक कलाकार कुलदीप सिंह रहे, जिन्होंने लाइव एक्रिलिक वर्कशॉप के माध्यम से युवा कलाकारों को चित्रकला की आधुनिक तकनीकों एवं रचनात्मक दृष्टिकोण से अवगत कराया। उनकी कला यात्रा और अनुभवों ने उपस्थित कलाकारों एवं विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री रंजन कुमार द्वारा अंतरराष्ट्रीय कलाकार कुलदीप सिंह, लोकगायिका अंजली ठाकुर, सूफी गायक बाबुल कुमार तथा बॉलीवुड गायक आदित्य सिंह को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।


जिला स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता एवं एनबीआई लाइव पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कला प्रदर्शनी में प्रदर्शित उत्कृष्ट कलाकृतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की गई। शाम को आयोजित “क्रियोड म्यूजिक 2026” का उद्घाटन कांटी के बीडीओ-सह-बीईओ डॉ. आनंद कुमार विभूति ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण साह, पर्यावरणविद् सुरेश कुमार गुप्ता, कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी तथा लेखिका एवं फिल्ममेकर चांदनी समर ने अपने विचार व्यक्त किए।

सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका अंजली ठाकुर की लोकगीत प्रस्तुति, कथक नृत्यांगना आंचल कुमारी का मनमोहक नृत्य, सूफी गायक बाबुल कुमार की सूफियाना गायकी तथा बॉलीवुड गायक आदित्य सिंह की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को देर शाम तक बांधे रखा।

कार्यक्रम के दौरान कुलदीप सिंह को मधुबनी पेंटिंग एवं विशेष पोर्ट्रेट भेंट कर सम्मानित किया गया। एनबीआई के संस्थापक आनंद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, कलाकारों, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजकों ने कहा कि “मास्टर स्ट्रोक 2026” ने न केवल युवा कलाकारों को सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, बल्कि मुजफ्फरपुर एवं बिहार की कला-सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

