मुजफ्फरपुर: सावन के पवित्र माह में मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ धाम में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हिन्दूवादी नेता वैभव मिश्रा के द्वारा बाबा गरीबनाथ का भव्य महाशृंगार कराया गया।


महाशृंगार के लिए बाबा के शिवलिंग को आकर्षक पुष्पों, रंग-बिरंगे फूलों और विशेष सजावटी सामग्री से सजाया गया, जिसके बाद बाबा का दिव्य और मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।


विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और आरती कर बाबा गरीबनाथ से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। महाशृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बाबा गरीबनाथ के जयकारों से गूंज उठा। सावन के इस पावन अवसर पर बाबा का भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आस्था और भक्ति का विशेष अनुभव बन गया।


