3 मार्च को राजग की बड़ी रैली होगी, एक मंच पर दिखेंगे PM-CM

पटना के गांधी मैदान में आगामी तीन मार्च को राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बड़ी रैली होगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा  के अध्‍यक्ष अमित शाह भी शिरकत करेंगे। रैली में जदयू सुप्रीमो व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार तथा केंद्रीय मंत्री व लोजपा सु्प्रीमो रामविलास पासवान भी शामिल होंगे। इसमें राजग नेता केंद्र व राज्‍य सरकारों द्वारा किए गए काम का हिसाब देंगे।

इसकी जानकारी रविवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नाराय़ण सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नित्‍यानंद राय तथा लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति पारस ने संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन में दी।

प्रदेश जदयू अध्‍यक्ष ने कहा कि रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान सहित राजग के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। राजग के सभी घटक दल इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। वशिष्‍ठ नारायण सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के पहले राजग की यह अभूतपूर्व रैली होगी।

मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश लोजपा अध्‍यक्ष पशुपति पारस ने कहा कि चुनाव आयोग 10 मार्च तक लोकसभा चुनाव का नोटिफिकेशन करने वाला है। इसलिए रैली इसके पहले आयोजित की जा रही है। ऐसी रैली बीते 30-40 साल से नहीं हुई है।

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष नित्‍यानंद राय ने कहा कि रैली में रैली में राजग नेता केंद्र व राज्‍य सरकारों के काम का हिसाब देंगे। यही इस रैली का मकसद है। साथ ही कांग्रेस के 55 साल के दौरान किए गए काम का भी हिसाब लेंगे।

रैली के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम तय होने के बाद बिहार में राजग इसकी तैयारियों में जुट गया है। कांग्रेस द्वारा तीन फरवरी को पटना में राहुल गांधी की ‘जनाकांक्षा रैली’ के ठीक एक महीने बाद तीन मार्च को राजग की रैली आयोजित की गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.