नक्सलियों के तार पाकिस्तानी आतंकियों से जुड़े होने की संभावना

नवादा के रतनपुर जंगल में नक्सलियों की मुठभेड़ के बाद बरामद खोखे व कारतूस ने पुलिस और सुरक्षा बल को सकते में डाल दिया है। नक्सलियों के तार पाकिस्तानी आतंकियों से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस भी इसे स्वीकार कर रही है कि नक्सलियों को सीमा पार से हथियारों की आपूर्ति के संकेत मिले हैं। रतनपुर जंगल सबसे ऊंची पहाड़ी की चोटी पर शनिवार को कारतूस का एक खोखा बरामद हुआ है, जिस पर उर्दू में कुछ शब्द अंकित हैं।

यह बताया जा रहा है कि अपने देश में कारतूस पर अंग्रेजी में नंबर अंकित होता है। इससे कारतूस बनाने वाली कंपनी और निर्माण के वर्ष आदि का पता चलता है। नवादा में पहली बार ऐसा खोखा बरामद हुआ है, जिसकी पेंदी पर पर उर्दू में अंक अंकित हैं। यह खोखा एके-47 का बताया जा रहा है। कारतूस के मेड इन पाकिस्तान की पूरी संभावना बताई जा रही है।

शनिवार को रतनपुर जंगल में उस स्थान पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, जहां 24 जनवरी को नक्सलियों के साथ सुरक्षा बल की मुठभेड़ हुई थी। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में सात खोखे बरामद किए गए हैं।

जिस जगह पर मुठभेड़ में ढेर नक्सली का शव बरामद हुआ, उससे पांच सौ मीटर ऊपर से यह खोखा बरामद किया गया है। पुलिस का मानना है कि उसी स्थान पर हार्डकोर नक्सली प्रद्युम्न शर्मा अपने अन्य साथियों के साथ मौजूद था, जबकि पांच सौ मीटर नीचे कुछ नक्सली उसकी सुरक्षा में खड़े थे।

मुठभेड़ स्थल से बरामद उर्दू लिखे खोखे के संबंध में पड़ताल की जा रही है। प्रथमदृष्ट्या नक्सलियों का आइएसआइ कनेक्शन प्रतीत हो रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.