पोस्टर-बैनरों के जरिये लोकसभा चुनाव 2019 के लिए नेता बदजुबानी के जरिये विपक्षी पार्टियों पर हमला बोल रहे हैं, इस कड़ी में हर राजनीतिक पार्टी आगे है। पिछले कई सालों से चुप्पी साधे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लगता है मोर्चा संभाल लिया है, तभी तो वे अपने बयान-कटाक्ष के जरिये केंद्र में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमले बोल रहे हैं।

सोमवार को एक बार फिर सीधे पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा- ‘मोदी सरकार ने दिल्ली में स्कूल बनने से रोके। लड़-झगड़कर चार साल बाद आज 11,000 कमरे बनने शुरू हुए। आपको सोचना है कि आप अपने बच्चों से प्यार करते हो या मोदी जी से। बच्चों से प्यार करते हो तो AAP को वोट देना। मोदी जी को वोट दोगे तो वो फिर से आपके बच्चों के स्कूल बनने से रोकेंगे।’

इससे पहले एक और ट्वीट में आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया ने भाजपा पर हमला करते हुए लिखा- ‘मोदी भक्त कभी देश भक्त नहीं हो सकता और देश भक्त कभी मोदी भक्त नहीं हो सकता। अब समय आ गया है – आपको तय करना होगा कि आप देशभक्त हो या मोदीभक्त?’
