महराजगंज: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ का खौफनाक असर उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में देखने को मिला. निचलौल क्षेत्र से होकर बहने वाली नारायणी (गंडक) नदी में बहकर भारतीय सीमा में चार शव आए. कानूनी प्रक्रिया के बाद नेपाल पुलिस को सौंप दिए गए हैं.

गंडक नदी में खौफनाक मंजर!
निचलौल क्षेत्र के टेलफाल के पास स्थानीय लोगों ने गंडक नदी में शव बहते देखे थे. सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंची एसएसबी और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नदी से तीन महिलाओं और एक पुरुष का शव बाहर निकाला. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, नेपाल में आई भीषण बाढ़ के दौरान तेज बहाव में शव नारायणी नदी के रास्ते भारतीय क्षेत्र तक पहुंच गए थे.


घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सीमा से सटे नदी क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए. फिलहाल नारायणी नदी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन नेपाल की आपदा के बाद भारतीय सीमा से सटे क्षेत्रों में प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है.
