पटना: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे राज्य में मौसम खराह होने को लेकर अलर्ट जारी किया है. 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट तो वहीं बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन सभी जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है.

इन जिलों में बारिश का अलर्ट
राज्य के बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद और रोहतास में भारी बारिश को लेकर अलर्ट है. इन जिलों के साथ साथ सारण, सिवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावे पटना समेत गया और नवादा में भी भारी बारिश की संभावना है.
आगे कैसा रहेगा मौसम
01 सितंबर को नालंदा, शेखपुरा, लखीसरा, बेगूसराय और खगड़िया में भारी बारिश की संभावना है. 2 सितंबर को राजधानी पटना समेत सिवान, बक्सर और आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है और लोगों को वज्रपात से बचने की अपील की है.

बिहार का तापमान और उतार-चढ़ाव
बारिश कम होने से राज्य का तापमान भी बढ़ा है. रविवार को दरभंगा में सबरे ज्यादा अधिकतम तापमान (36.7) डिग्री सेल्सियस रहा. हालांकि बारिश और मौसम अच्छा होने के कारण पश्चिमी चंपारण, मोतिहारी, सिवान, अरवल और रोहतास में तापमान में कमी आयी. इसके अलावा जहानाबाद, गया, सुपौल अररिया और भागलपुर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. बांकी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी.

सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 768.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. हालांकि इस बार मानसून में अब तक 459.4 मिमी बारिश हुई है. यानी सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है. कम बारिश होने के कारण धान की खेती करने वाले किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.
